home page

बलोचिस्तान के क्वेटा में पुलिस स्टेशन और केच में पाकिस्तानी सेना पर हमला

 | 
बलोचिस्तान के क्वेटा में पुलिस स्टेशन और केच में पाकिस्तानी सेना पर हमला


क्वेटा (बलोचिस्तान) पाकिस्तान, 23 सितंबर (हि.स.)। राजधानी क्वेटा में थाने (पुलिस स्टेशन) और केच में पाकिस्तान की सेना पर हमले की सूचना है। बताया गया है कि हथियारबंद लोगों ने क्वेटा के अघबर्ग इलाके में पुलिस स्टेशन पर हमला किया।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, थाने पर हमले के दौरान पुलिस और हथियारबंद लोगों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने पांच हमलावरों को मार गिराने का दावा किया है। इस बीच, आज सुबह केच के हेरोंक इलाके में एक धमाके में अनजान लोगों ने पाकिस्तान की थल सेना के सैनिकों को निशाना बनाया। धमाके में कई सैनिकों के मारे जाने की बात कही जा रही है। मगर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस बीच बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट के प्रवक्ता मेजर घोरम बलोच ने जारी बयान में कहा है कि उनकी महिला शाखा करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन ने तुर्बत के पास जुस्क में सीपीईसी हाइवे पर पाकिस्तानी सेना की एक्शन टास्क फोर्स के काफिले पर घात लगाकर हमला किया है। इस बड़े हमले में सेना के कई जवान मौके पर मारे गए। सेना की गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद