home page

बांग्लादेश के दो और हज यात्रियों की सऊदी अरब में मौत, अब तक छह की जान गई

 | 
बांग्लादेश के दो और हज यात्रियों की सऊदी अरब में मौत, अब तक छह की जान गई


ढाका, 28 अप्रैल (हि.स.)। सऊदी अरब में बांग्लादेश के दो और हज यात्रियों की मौत हो गई। हज बुलेटिन के अनुसार 17 अप्रैल को हज उड़ानें शुरू होने से 27 अप्रैल तक सऊदी अरब में बांग्लादेश के छह हज यात्रियों की जान जा चुकी है। सोमवार तक 92 उड़ानों से बांग्लादेश के कुल 36,996 यात्री सऊदी अरब पहुंचे।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार हज यात्रियों की मौत की सूचना बुलेटिन में दी गई है। इसमें जानकारी दी गई है कि अब तक 3,284 यात्री सरकारी व्यवस्था के तहत सऊदी अरब पहुंचे हैं। 33,712 यात्री निजी एजेंसियों के माध्यम से गए हैं। अब तक 40 उड़ानें बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस, 34 सऊदी एयरलाइंस और 18 फ्लाईनास ने संचालित की हैं।

बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस ने 16,587, सऊदी एयरलाइंस ने 12,860 और फ्लाईनास ने 7,549 यात्रियों को सऊदी अरब पहुंचाया है। हज बुलेटिन ने इस बात की भी पुष्टि की कि सभी छह यात्रियों की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार इस साल बांग्लादेश से कुल 78,500 लोगों को हज करने की अनुमति दी गई है। 660 एजेंसियां निजी प्रबंधन के तहत हज से जुड़े कामों को संभाल रही हैं। इनमें 30 मुख्य एजेंसियां हैं। ढाका स्थित सऊदी दूतावास 78,297 वीजा जारी कर चुका है। चांद दिखने के आधार पर सऊदी अरब में पवित्र हज 26 मई को होने की उम्मीद है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद