सऊदी अरब की जेलों में बंद हैं 7,500 बांग्लादेशी : शमा ओबैद
ढाका, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सऊदी अरब की जेलों में करीब 7,500 बांग्लादेशी नागरिक बंद हैं। यह जानकारी बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्यमंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने दी है। उन्होंने बताया कि सरकार सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर वहां बंद अपने नागरिकों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण काम पर वापस नहीं लौट पा रहे बांग्लादेशी प्रवासियों के वीजा और इकामा की अवधि बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बांग्लादेश के अंग्रेज़ी अखबार 'द डेली स्टार'
के मुताबिक राज्यमंत्री ने ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शाहिद अहमद का शव प्राप्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। अहमद की सऊदी अरब में एक मिसाइल हमले में मौत हो गई थी।
शमा ओबैद ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कई बांग्लादेशी कामगार अपने कार्यस्थलों पर वापस नहीं लौट पा रहे हैं। ऐसे में सरकार उनके वीजा और इकामा की वैधता बढ़ाने के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है। विदेशों में नौकरी गंवा चुके बांग्लादेशी नागरिकों के पुनर्वास और उन्हें दोबारा रोजगार दिलाने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इकामा सऊदी अरब में विदेशी नागरिकों को जारी किया जाने वाला निवास परमिट है। इसकी वैधता समाप्त होने पर प्रवासियों को कानूनी और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
सऊदी अरब में हाल ही में दो बांग्लादेशी नागरिकों को फांसी दिए जाने के मामले पर राज्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश सरकार को अब तक इन दोनों नागरिकों के मामलों से संबंधित विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। सरकार ने सऊदी अधिकारियों को औपचारिक पत्र भेजकर दोनों मामलों में सुनाए गए फैसलों की प्रतियां मांगी हैं। इसका उद्देश्य घटनाओं के तथ्यों और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना है।
शमा ओबैद ने कहा कि प्रत्येक देश की अपनी न्यायिक व्यवस्था होती है और बांग्लादेश दूसरे देश की न्यायिक कार्यवाही में सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सकता। हालांकि, अपने नागरिकों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाना और उनकी सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार सऊदी अरब में बंद बांग्लादेशी नागरिकों की स्थिति और फांसी से जुड़े मामलों के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सऊदी अरब बांग्लादेशी प्रवासी कामगारों के प्रमुख गंतव्यों में शामिल है। ऐसे में वहां बंद हजारों नागरिकों की स्थिति, रोजगार संबंधी समस्याएं और कानूनी मामलों का समाधान बांग्लादेश सरकार के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बना हुआ है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

