बांग्लादेश में रिटायर्ड मेजर खंडाकर अब्दुल हाफिज गिरफ्तार
ढाका (बांग्लादेश), 01 नवंबर (हि.स.)। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) की जासूसी शाखा (डीबी) ने कथित राज्य विरोधी साजिश, हिंसक उकसावे, अवैध फंडिंग और सोशल मीडिया में प्रचार पर दर्ज मामले में मेजर (सेवानिवृत्त) खंडाकर अब्दुल हाफिज को गिरफ्तार किया है। जासूसी शाखा के अतिरिक्त आयुक्त एमडी शफीकुल इस्लाम ने कहा कि टीम ने गुरुवार देररात उसे राजधानी के बनानी इलाके से उठाया।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार जासूसी शाखा के अतिरिक्त आयुक्त इस्लाम आज बताया कि हाफिज को उस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें सेना के दो अन्य पूर्व अधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शफीकुल ने आरोप लगाया कि हाफिज, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) देबाशीष कुमार बरुआ और लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) काजी गुलशन आरा राज्य विरोधी गतिविधियों में शामिल थे।
देबाशीष और गुलशन आरा आतंकवाद विरोधी कानून और साइबर सुरक्षा अध्यादेश की कई धाराओं के तहत पल्लबी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के सिलसिले में फिलहाल जेल में हैं। इससे पहले डीबी ने 11 अक्टूबर की रात ढाका से दो सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया था।
पहले दावा किया गया था कि खंडाकर अब्दुल हाफिज को देश में अस्थिरता पैदा करने की कथित साजिश के तहत अवामी लीग की गतिविधियों से उनके कथित संबंधों के बारे में जानकारी थी, जिनकी गतिविधियों पर वर्तमान में प्रतिबंध लगा हुआ है। डीबी ने कहा कि दोनों अधिकारियों को सोशल मीडिया पर राज्य विरोधी प्रचार में उनकी कथित संलिप्तता और साइबर अपराधों के माध्यम से सार्वजनिक सुरक्षा को कमजोर करने के प्रयासों के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

