बांग्लादेश में सिलेंडर फटे, गारमेंट फैक्टरी में लगी आग, छह की मौत, 20 झुलसे
ढाका, 21 सितंबर (हि.स.)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका उप नगरीय क्षेत्र अशुलिया के जमगोरा इंडस्ट्रियल इलाके में रविवार शाम कवर्ड वैन में एलपीजी सिलेंडर फटने से छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। धमाके इतनी तेज हुए कि एक सिलेंडर तो करीब 200 गज दूर जा गिरा, जिससे सड़क किनारे एक दुकान के अंदर मौजूद महिला की मौत हो गई। इन धमाकों से एक गारमेंट फैक्टरी आग की लपटों से घिर गई।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, धमाकों के कारण लगी आग ने शाम करीब 6:45 बजे जमगोरा में मौजूद पांच -छह गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। अशुलिया पुलिस ने रविवार देररात बताया कि आग बुझाने के बाद आसपास खोजबीन की गई। इस दौरान रात करीब सवा 11 बजे कवर्ड वैन के अंदर पांच लोगों के शव मिले। उनकी पहचान तुरंत नहीं हो सकी। एक मृतक की 55 वर्षीय जैनब के रूप में हुई। वह गाजीपुर के काशिमपुर निवासी मोहम्मद अली की पत्नी थीं। जैनब अपनी बेटी संजीदा अख्तर से मिलने आई थीं। संजीदा घटनास्थल से करीब 200 गज दूर एक टेलर की दुकान में काम करती हैं।
वह दुकान के अंदर खड़ी थीं, तभी एक सिलेंडर टिन की छत फाड़कर उनके सिर पर लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, यह घटना जमगोरा में प्रिटी ग्रुप से जुड़े एक इंडस्ट्रियल इलाके में हुई। डीईपीजेड फायर सर्विस के वेयर हाउस इंस्पेक्टर सोमेन बरुआ ने बताया कि आग तब लगी जब फैक्टरी में इस्तेमाल के लिए लाए गए सिलेंडर एक कवर्ड वैन से उतारे जा रहे थे।
अशुलिया महिला और बाल अस्पताल प्रबंध हारून-उर-रशीद ने बताया कि 26 लोगों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि इनमें से ज्यादातर लोग फैक्टरी के आसपास के सब्ज़ी विक्रेता और पैदल चलने वाले थे। गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

