home page

बलूचिस्तान में चार पूर्व सैन्यकर्मी समेत 6 की हत्या - बीएलए ने ली जिम्मेदारी

 | 
बलूचिस्तान में चार पूर्व सैन्यकर्मी समेत 6 की हत्या - बीएलए ने ली जिम्मेदारी


क्वेटा, 28 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने चगाई जिले में एक खनन परियोजना से अगवा किए गए छह लोगों की हत्या कर दी है। संगठन के मुताबिक, मारे गए लोगों में पाकिस्तान सेना और रेंजर्स के चार पूर्व कर्मचारी भी शामिल हैं। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक इन हत्याओं और शवों की बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बलूचिस्तान की ऑनलाइन समाचार नेटवर्क 'द बलूचिस्तान पोस्ट'

ने बीएलए प्रवक्ता जियांद बलूच के हवाले से बताया कि संगठन के लड़ाकों ने 18 नवंबर को डलबंदिन के खरगोशकान इलाके में एक खनन स्थल पर कब्जा किया था। इस दौरान वहां मौजूद मशीनरी, वाहनों और उपकरणों को आग के हवाले कर दिया गया था। संगठन ने दावा किया कि खनन कंपनी के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों समेत कुल 11 लोगों को अगवा किया गया था। इनमें से छह लोगों को मौत की सजा सुनाने के बाद मार दिया गया, जबकि पांच अन्य अब भी संगठन की हिरासत में हैं।

बीएलए के अनुसार, यह कार्रवाई उसके कथित 'बलूच नेशनल कोर्ट' के फैसले के बाद की गई। बीएलए ने बताया कि मारे गए छह लोग अस्करी गार्ड्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से खनन स्थल पर हथियारबंद सुरक्षा प्रदान कर रहे थे। संगठन ने चार पूर्व सैन्य और रेंजर्स कर्मियों की पहचान भी बताई है। इनमें पंजाब के मियांवाली के सवाब जान, पेशावर के दरयाई के साहिल मुहम्मद, बलूचिस्तान के उस्ता मुहम्मद के मुबारक खान और सिंध रेंजर्स के पूर्व सदस्य अब्दुल मरजान शामिल हैं।

संगठन का आरोप है कि पूछताछ और सबूतों की जांच के बाद इन लोगों के पाकिस्तानी सेना से संबंध होने की जानकारी मिली थी। बीएलए ने दावा किया कि निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाले ये लोग वास्तव में सैन्य गतिविधियों का हिस्सा थे।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने खनन स्थल पर हुए हमले की पुष्टि की है, लेकिन अगवा किए गए लोगों को पूर्व सैन्यकर्मी बताए जाने के दावे पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। अधिकारियों की ओर से छह लोगों की हत्या या उनके शव मिलने को लेकर भी अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस बीच बीएलए ने बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कई हमलों की जिम्मेदारी भी ली है। संगठन के मुताबिक, 27 नवंबर को केच जिले के बाल निगोर इलाके में पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाया गया। इसमें सात सैनिकों के मारे जाने और सात अन्य के गंभीर रूप से घायल होने का दावा किया गया है। इसके अलावा संगठन ने मस्तुंग जिले के गारो में एक सैन्य चौकी के पास रिमोट कंट्रोल से किए गए वाहन विस्फोट और वाशुक जिले के बासिमा इलाके में पाटक के पास एक सैन्य काफिले पर घात लगाकर हमला करने की जिम्मेदारी ली है।

बीएलए ने यह भी दावा किया कि दो दिन पहले खुजदार जिले के वाध इलाके के सोनारो में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर हमला किया गया था। हालांकि, इन हमलों में हुए नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इसी बीच, गुरुवार को लासबेला जिले के बेला इलाके में वालपत से मुहम्मद एहसान का शव बरामद किया गया। वह पंजाब के टोबा टेक सिंह का निवासी और अरशद का बेटा बताया गया है। सड़क जाम के दौरान कुछ हथियारबंद लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। हालांकि, उसकी हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। किसी भी संगठन ने इस अपहरण या हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं और सुरक्षा बलों पर हमलों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। चगाई में छह लोगों की कथित हत्या और विभिन्न सैन्य ठिकानों पर हमलों के दावों के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई है। गौरतलब है कि, बीएलए के दावों और हताहतों की संख्या की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी