home page

बलोचिस्तान में बीएलए के 'ऑपरेशन हीरो' का दूसरा चरण कल से, रेल और बस सेवा बंद

 | 
बलोचिस्तान में बीएलए के 'ऑपरेशन हीरो' का दूसरा चरण कल से, रेल और बस सेवा बंद


क्वेटा (बलोचिस्तान), 01 फरवरी (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत बलोचिस्तान प्रांत में सेना और विद्रोहियों के बीच मचे घमासान से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने सोमवार को पूरे बलोचिस्तान में अपने 'ऑपरेशन हीरो' के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है। इसके बाद प्रांत में रेल और बस सेवा बंद कर दी गई है। प्रांत के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने आज कहा कि बीएलए के 12 शहरों में किए गए हमलों के बाद लगभग 40 घंटों तक चले सैन्य अभियान में कम से कम 145 विद्रोही मारे गए।

द बलोचिस्तान पोस्ट और दुनिया न्यूज की अलग-अलग रिपोर्ट में आज यह जानकारी दी गई। पश्तो भाषा में प्रसारित द बलोचिस्तान पोस्ट के अनुसार, बलोचिस्तान में सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण है। डेरा गाजी खान में पंजाब से बलूचिस्तान जाने वाली सभी सड़कें बंद कर दी गई हैं।

डेरा गाजी खान के जिला उपायुक्त के अनुसार, फोर्ट मुनरो राजमार्ग और टौंसा-मौसा खेल सड़क बलोचिस्तान की ओर बंद कर दी गई है। किसी को भी इस सड़क से बलोचिस्तान नहीं जाने दिया जाएगा। जिला उपायुक्त के आदेश के बाद बलोचिस्तान, बावता और सखी सरवर के सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात रोक दिया गया है। क्वेटा से घरेलू और चमन जाने वाली ट्रेन सेवा आज लगातार दूसरे दिन भी निलंबित रही। पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस और चमन जाने वाली यात्री ट्रेन रवाना नहीं हो सकीं। गौरतलब है कि बलोच लिबरेशन आर्मी के कल पूरे बलोचिस्तान में अपने 'ऑपरेशन हीरो' के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा से प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में दोबारा झड़पें शुरू होने की खबरें मिल रही हैं।

दुनिया न्यूज के अनुसार बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने आज दावा किया कि बीएलए के प्रांत के 12 शहरों में किए गए हमलों के बाद लगभग 40 घंटों तक चले सैन्य अभियानों में कम से कम 145 विद्रोही मारे गए। बुगती ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि इस संघर्ष में 17 सुरक्षाकर्मी और 31 नागरिकों की भी मौत हो गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि ग्वादर में विद्रोहियों ने खुजदार के एक बलोच परिवार की पांच महिलाओं और तीन बच्चों की हत्या कर दी। बुगती ने कहा कि सरकार हर स्थिति का मुकाबला करने के लिए तैयार है। सरकार संवाद और जिरगा के माध्यम से बलोचिस्तान में शांति के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद