बलोचिस्तान में सैन्य वाहन पर आईईडी विस्फोट, कई जवानों के मारे जाने की आशंका
इस्लामाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के पंजगुर जिले के प्रोम इलाके में आज पाकिस्तान की सेना के बख्तरबंद वाहन पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से हमला हुआ है। हमले के बाद हुए विस्फोट से बुलेटप्रूफ और विस्फोटरोधी इस वाहन को काफी क्षति पहुंची हैं। इस दौरान सेना के कई जवानों के मारे जाने और कुछ के घायल होने का अंदेशा है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती जानकारी मिली है कि इस धमाके में सेना को जान-माल की क्षति हुई है। आधिकारिक स्तर पर अभी तक हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। न ही किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि धमाका बहुत जबरदस्त था। इससे वाहन को नुकसान पहुंचा है। हमले में लोग हताहत हुए हैं।
उधर, बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट के प्रवक्ता मेजर घोरम बलूच ने एक बयान में कहा है कि 18 जुलाई को विद्रोही लड़ाकों ने रत खारन के कुलान इलाके में कब्जा करने वाले पाकिस्तान की सेना के डेथ स्क्वॉड के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पाकिस्तान की सेना की इस शाखा के खास गुर्गे हाफिज कबीर के घर को घेर लिया। इस बीच, हाफिज कबीर के बेटे अब्दुल हकीम ने विरोध करने की कोशिश की। लड़ाकों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही ढेर कर दिया। इसके बाद हाफिज कबीर को उसके दूसरे बेटे हाफिज नवीद को हिरासत में ले लिया। दोनों को बलोच नेशनल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
प्रवक्ता ने कहा कि एक और ऑपरेशन में लड़ाकों ने 18 जुलाई की रत खारान के ग्वाश इलाके में सरकारी कर्मचारी सूफी मुमताज के करीबी साथी और बलोचिस्तान विरोधी घामी सासोली की गोली मारकर हत्या कर दी।
उधर, 18 जुलाई की सुबह बलोचिस्तान के डेरा बुगती जिले की तहसील सुई के यारोपत इलाके में लैंडमाइन फटने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अहमद अली पुत्र अली खान बुगती के तौर पर हुई है। उसकी उम्र अठारह साल बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने शव के साथ सुई के चाइना चौक पर धरना दिया। इस दौरान सुई और काशमोर के बीच मेन हाइवे को जाम कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके बच्चे को शाहनवाज चक्रानी बुगती के डेथ स्क्वॉड ने मारा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

