स्वस्ति वाचन और शंखनाद के बीच होगा नेपाल में प्रधानमंत्री का शपथग्रहण समारोह
काठमांडू, 25 मार्च (हि.स.)। नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त होने जा रहे बालेन्द्र शाह के शपथग्रहण समारोह को विशेष बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शपथग्रहण का शुभ मुहूर्त शुक्रवार को चैत्र नवरात्र के श्रीरामनवमी की तिथि को दोपहर 12 बजकर 34 मिनट पर तय किया गया है।
राष्ट्रपति भवन शीतल निवास की तरफ से भेजे जा रहे शपथग्रहण के निमंत्रण के अनुसार बालेन्द्र शाह इसी शुभ समय में शपथ लेने वाले हैं। बालेन्द्र की टीम ने भी पुष्टि की है कि पंचांग में शुभ मुहूर्त देख कर शपथग्रहण का समय तय किया गया है। यह शपथग्रहण केवल औपचारिक प्रक्रिया न होकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा विशेष आयोजन भी होगा।
शपथग्रहण समारोह के दौरान 108 हिन्दू बटुक स्वस्ति वाचन करेंगे, जिसे शुभ और मंगलकारी माना जाता है। इसके साथ ही 107 बौद्ध लामा गुरु भी मंगल पाठ करेंगे, जिससे बौद्ध परंपरा के अनुसार शांति और समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके अतिरिक्त 7 ब्राह्मण शंखनाद करेंगे, जिससे पूरा शपथग्रहण समारोह सनातन धर्म की ध्वनि से गुंजायमान होगा। इस प्रकार यह आयोजन नेपाल की बहुधार्मिक और बहुसांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाएगा, जहां विभिन्न परंपराओं को एक साथ सम्मान दिया जाता है।
कुल मिलाकर बालेन्द्र शाह का शपथग्रहण समारोह धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रतीकों और राष्ट्रीय महत्व के एक भव्य आयोजन के रूप में आयोजित होने जा रहा है, जो देश में नई सरकार के गठन के साथ नई उम्मीदों और ऊर्जा का संदेश भी देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

