अमेरिका में तूफान से तबाही, पूर्वोत्तर और मिडवेस्ट में बाढ़, नौ लाख से अधिक घरों की बिजली गुल
-थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान जनजीवन प्रभावित, हजारों उड़ानें प्रभावित, न्यूयॉर्क की मशहूर मेसीज परेड भी टली
वाशिंगटन (अमेरिका) 27 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त राज्य अमेरिका में थैंक्सगिविंग डे के अवसर पर आए भीषण तूफान ने पूर्वी तट और मिडवेस्ट के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। छुट्टियों के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण न्यूयॉर्क की मशहूर मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड को भी शनिवार तक के लिए टालना पड़ा।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'पावरआउटेज डॉट यूएस' के अनुसार, गुरुवार शाम तक अमेरिका के मिडवेस्ट और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में नौ लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल रही। इनमें पेंसिल्वेनिया के दो लाख से अधिक उपभोक्ता शामिल हैं। वहीं, वर्जीनिया और मिसौरी में भी एक-एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटअवेयर' के मुताबिक, गुरुवार शाम तक अमेरिका आने-जाने वाली दो हजार से अधिक उड़ानें देरी से चल रही थीं, जबकि 420 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। तूफान के कारण पूर्वी तट के कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने बुधवार रात पूरे राज्य में आपातकाल घोषित कर दिया। न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी गवर्नर कैथी होचुल ने आपातकाल लागू किया। मौसम एवं विज्ञान विभाग ने उत्तरी जॉर्जिया से लेकर मिड-अटलांटिक और दक्षिणी न्यू इंग्लैंड तक के क्षेत्रों में तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की।
न्यूयॉर्क में तूफान और बाढ़ से मुश्किलें बढ़ीं
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोरान ममदानी ने गुरुवार सुबह बताया कि बाढ़ के पानी में फंसी दो कारों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पानी से भरी सड़कों पर पैदल चलने, साइकिल चलाने या वाहन ले जाने का जोखिम न उठाएं। ममदानी ने कहा, हम सभी को सुरक्षित रहने की याद दिलाना चाहते हैं। आपकी सुरक्षा से बढ़कर कोई मंजिल नहीं है।
शहर की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, थैंक्सगिविंग के दिन न्यूयॉर्क में करीब डेढ़ से दो इंच बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में बारिश का आंकड़ा तीन इंच तक पहुंच गया। समुद्र में ज्वार का स्तर बढ़ने से स्टेटन आइलैंड और लॉन्ग आइलैंड समेत शहर के कई तटीय इलाकों में पानी भर गया। एजेंसी ने बताया कि सेंट्रल पार्क में हवा की रफ्तार 30 मील प्रति घंटे से अधिक रही, जबकि लागार्डिया हवाई अड्डे पर यह 56 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं को देखते हुए मेसीज ने अपनी वार्षिक थैंक्सगिविंग परेड शनिवार तक के लिए स्थगित कर दी। आयोजकों को आशंका थी कि मैनहट्टन की ऊंची इमारतों के बीच तेज हवाओं में परेड के विशाल गुब्बारों को संभालना खतरनाक हो सकता है।
परेड टलने से दूसरे शहरों से आए लोगों की योजनाएं बदलीं
परेड में हिस्सा लेने के लिए टेक्सास के पियरलैंड से न्यूयॉर्क पहुंचे एक हाईस्कूल के मार्चिंग बैंड को भी अपनी यात्रा आगे बढ़ानी पड़ी। बैंड ने बताया कि उसके करीब 500 सदस्यों के न्यूयॉर्क में दो अतिरिक्त रातें ठहरने के लिए 3.5 लाख डॉलर जुटाए गए हैं। पियरलैंड हाईस्कूल के 'प्राइड ऑफ पियरलैंड मार्चिंग बैंड' के निदेशक रयान डेमकोविच ने बताया कि यह उनके लिए बड़ी चुनौती है।
परेड में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क आए दूसरे लोगों को भी अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा। फ्लोरिडा की मेकअप आर्टिस्ट अमांडा एंडरसन को परेड में हिस्सा लेने वाले कलाकारों का मेकअप करना था। उन्होंने अपनी वापसी की उड़ान दोबारा बुक कराई, ताकि न्यूयॉर्क में एक दिन और रुक सकें। एंडरसन ने बताया कि जब उन्हें परेड स्थगित होने की खबर मिली, उस समय वह मेसीज के स्टोर में थीं। उन्होंने कहा, मैंने वहां तीन लड़कियों को रोते हुए देखा। कई लोग उदास बैठे थे। यह मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव था।
तटीय इलाकों में सड़कें डूबीं, गाड़ियों में फंसे लोगों को बचाया गया
गुरुवार सुबह समुद्र में ज्वार का स्तर बढ़ने के साथ उत्तरी कैरोलिना से न्यू जर्सी तक के कई तटीय कस्बों और शहरों में बाढ़ आ गई। सड़कें पानी में डूब गईं और आपातकालीन बचाव दल को पानी में फंसे वाहनों से लोगों को निकालना पड़ा। न्यू जर्सी के तटीय शहर एवलोन में अब तक की सबसे भीषण बाढ़ दर्ज की गई। शहर के प्रशासनिक अधिकारी स्कॉट जे. वाह्ल ने बताया कि हालांकि स्थिति 2012 में आए विनाशकारी तूफान सैंडी जितनी गंभीर नहीं थी, लेकिन बाढ़ ने काफी नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि पानी अपने साथ मलबा बहाकर तट के पास की सड़कों तक ले आया। कुछ वाहन चालकों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए अवरोधों को पार कर बाढ़ वाले रास्तों पर गाड़ियां चला दीं। बाद में उन्हें बचाव दल की मदद से बाहर निकालना पड़ा। हालांकि, किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
न्यू जर्सी के एक अन्य तटीय शहर ओशन सिटी में भी भारी बारिश और तेज हवाओं से सड़कों पर पानी भर गया। वहां रहने वाले 54 वर्षीय लांस मिलर ने बताया कि उनके इलाके में करीब एक फुट तक पानी भर गया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पास की किराना दुकान तक कार से जाना भी जोखिम भरा था और इससे वाहन खराब हो सकता था। मिलर ने बताया कि उन्होंने थैंक्सगिविंग के लिए खाने-पीने की तैयारी पहले ही कर ली थी। इसलिए वह घर पर ही अपनी पत्नी और बेटी के साथ त्योहार मनाने वाले थे। हालांकि, उनके कुछ पड़ोसियों के घरों में पानी घुस गया था और वे सफाई में जुटे थे।
अटलांटिक सिटी के आसपास भी बाढ़
न्यू जर्सी के अटलांटिक सिटी के पास स्थित मार्गेट सिटी के दमकल विभाग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इसमें भारी बारिश शुरू होने से पहले ही शहर की सड़कों पर पानी बहता दिखाई दे रहा था। दमकल विभाग के एक कर्मचारी के अनुसार, समुद्र का पानी तेजी से शहर की ओर बढ़ रहा था, जबकि ज्वार का उच्चतम स्तर आने में अभी करीब एक घंटा बाकी था। पानी घरों की सीढ़ियों तक पहुंच गया था। दुकानदारों और अन्य प्रतिष्ठानों ने अपने दरवाजों के सामने रेत से भरी बोरियां लगा दी थीं। एबसेकॉन पुलिस विभाग ने बताया कि अटलांटिक सिटी जाने वाले प्रमुख मार्ग यूएस रूट-30 का एक हिस्सा भीषण जलभराव के कारण दोनों दिशाओं में बंद करना पड़ा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि स्थिति सामान्य होने तक सड़कों पर न निकलें और पानी से भरे रास्तों या सुरक्षा अवरोधों को पार करने की कोशिश न करें।
पेंसिल्वेनिया में अस्पताल की बिजली भी बाधित
पेंसिल्वेनिया के वेस्ट चेस्टर स्थित चेस्टर काउंटी अस्पताल में गुरुवार दोपहर बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित हो गई। हालांकि, मरीजों को दूसरी जगह ले जाने की जरूरत पड़ने से पहले ही बिजली बहाल कर दी गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, फिलाडेल्फिया के उत्तर में स्थित स्प्रिंगफील्ड टाउनशिप में एक पेड़ प्रोपेन गैस के टैंक पर गिर गया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को कुछ समय के लिए अपने घर खाली करने की सलाह दी गई थी। बाद में यह सलाह वापस ले ली गई।
वर्जीनिया में पुल बंद, मैरीलैंड में पेयजल का संकट
तूफान और तेज हवाओं के कारण कई राज्यों में प्रमुख सड़कों और पुलों पर यातायात रोकना पड़ा। वर्जीनिया में चेसापीक खाड़ी के ऊपर बना करीब 18 मील लंबा चेसापीक बे ब्रिज-टनल गुरुवार सुबह तेज हवाओं के कारण कई घंटों तक बंद रहा। वहीं, उत्तरी कैरोलिना के आउटर बैंक्स इलाके में हैटेरस द्वीप को मुख्य भूमि से जोड़ने वाला एकमात्र राजमार्ग एनसी-12 भी बंद करना पड़ा। समुद्र का पानी रेत के टीलों को पार कर सड़क पर पहुंच गया था, जिससे दो लेन वाले इस मार्ग पर आवागमन संभव नहीं रहा।
मैरीलैंड में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका पैदा हो गई। वाशिंगटन सबअर्बन सैनिटरी कमीशन ने मोंटगोमरी और प्रिंस जॉर्ज काउंटी के करीब 19 लाख उपभोक्ताओं से पानी का इस्तेमाल कम करने की अपील की। दरअसल, तूफान के कारण बिजली बार-बार गुल हो रही थी। इससे एजेंसी के दो जल शोधन संयंत्रों का संचालन ठप होने का खतरा पैदा हो गया था। ऐसे में लोगों से अपील की गई कि वे जरूरत के मुताबिक ही पानी का इस्तेमाल करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

