ईरान ने बहरीन व यूएई में अमेजन डेटा सेंटर पर किया हमला
तेहरान, 06 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान ने बहरीन एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित अमेरिकी कंपनी अमेजन के डेटा सेंटर समेत कई प्रतिष्ठानों पर हमला किया। इन हमलों की पुष्टि अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) ने भी की है।
तुर्किये की सरकारी न्यूज एजेंसी अनादोलु एजेंसी ने ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स के हवाले से बताया कि ईरान की आईआरजीसी ने बहरीन में अमेज़न के एक डेटा सेंटर पर ड्रोन हमला किया।
एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में राजधानी मनामा स्थित दो होटलों और एक रिहायशी इमारत को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन हमलों से भौतिक क्षति हुई है, लेकिन किसी की जान नहीं गई।
उल्लेखनीय है कि अमेजन एक अमेरिकी मल्टीनेशनल टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो ई-कॉमर्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, ऑनलाइन एडवरटाइजिंग, डिजिटल स्ट्रीमिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में काम करती है।
फ़ार्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह हमला बहरीन स्थित अमेजन की एक फ़ैसिलिटी सेंटर को निशाना बनाकर किया गया। यह कार्रवाई दुबई में अमेजन के डेटा सेंटर और क्षेत्र की अन्य रणनीतिक साइटों के खिलाफ ईरान के हालिया अभियानों की एक शृंखला का हिस्सा थी।
इस बीच अमेजन के क्लाउड कंप्यूटिंग डिवीजन अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) ने एक बयान में कहा कि यूएई में उसकी दो फैसिलिटी सेंटर पर सीधा हमला हुआ, जबकि बहरीन में उसकी एक फैसिलिटी सेंटर के पास ड्रोन हमले के कारण उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है।
एडब्ल्यूएस ने बताया कि इन हमलों से ढांचे को नुकसान हुआ है, बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और कुछ मामलों में आग बुझाने के प्रयास करने पड़े। आग बुझाने के दौरान इस्तेमाल किए गए पानी के कारण भी इंफ्रास्ट्रक्चर को अतिरिक्त नुकसान हुआ है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

