home page

आयातित जेनेरिक दवाओं पर 2 साल तक टैरिफ शून्य, उसके बाद लगेगा 100 व 200 फीसदीः ट्रंप

 | 
आयातित जेनेरिक दवाओं पर 2 साल तक टैरिफ शून्य, उसके बाद लगेगा 100 व 200 फीसदीः ट्रंप


वॉशिंगटन, 22 जुलाई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयातित जेनेरिक दवाओं पर नई टैरिफ नीति का ऐलान किया हैै। ट्रंप ने कहा कि एक अगस्त से लागू होने वाली इस नीति के तहत पहले दो वर्षों तक आयातित जेनेरिक दवाओं पर शून्य प्रतिशत टैरिफ रहेगा। इसके बाद अगले एक वर्ष के लिए 100 प्रतिशत टैरिफ और उसके बाद इसे बढ़ाकर 200 प्रतिशत कर दिया जाएगा।

फ्रांस के टेलीविजन नेटवर्क फ्रांस24 के मुताबिक ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि इस नीति का उद्देश्य जेनेरिक दवाओं के उत्पादन को अमेरिका में वापस लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कंपनियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर अमेरिका में अपने उत्पादन संयंत्र और आवश्यक बुनियादी ढांचे की स्थापना नहीं करेंगी, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

ट्रंप अपनी 'मोस्ट-फेवर्ड-नेशन' ड्रग प्राइसिंग पॉलिसी के जरिए दवा कंपनियों पर कीमतें कम करने का दबाव भी बना रहे हैं। इस नीति के तहत कंपनियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे अमेरिका में दवाओं की कीमतें उन विकसित देशों के समान रखें, जहां ये दवाएं अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध हैं।

अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अनुसार अमेरिका में बिकने वाली 90 प्रतिशत से अधिक दवाएं जेनेरिक श्रेणी की हैं। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि पेटेंट, ब्रांडेड और नवाचार आधारित दवाओं से संबंधित मौजूदा नीति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दुनिया की कई बड़ी दवा कंपनियों ने अमेरिकी सरकार के साथ समझौते किए थे, जिनके तहत अरबों डॉलर मूल्य की दवाओं को टैरिफ से छूट दी गई थी।

इससे पहले अप्रैल में ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें आयातित ब्रांडेड दवाओं पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, यह प्रावधान उन कंपनियों पर लागू नहीं होगा जो अमेरिकी सरकार के दवा मूल्य निर्धारण समझौतों को स्वीकार करेंगी या अपने उत्पादों का निर्माण अमेरिका में करने का वादा करेंगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी