इंजन खराब होने से ओमान के तट के पास समुद्र में फंसा भारतीय पोत, चालक दल सुरक्षित
मस्कट, 14 जून (हि.स.)। ओमान के तट के पास इंजन में तकनीकी खराबी के कारण भारतीय मर्चेंट पोत 'विराट 1' समुद्र में फंस गया। राहत और बचाव कार्य के तहत पोत पर सवार सभी 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी नाविक सुरक्षित हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है।
दूतावास के अनुसार पोत में तकनीकी खराबी आने के बाद चालक दल के सदस्यों को लाइफराफ्ट में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद ओमानी अधिकारियों के समन्वय में आसपास मौजूद जहाजों की सहायता से बचाव अभियान चलाया गया। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी 14 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
दूतावास ने बताया कि बचाए गए चालक दल के सदस्य फिलहाल ‘जबल अली-9’ जहाज पर सवार हैं और मुंबई की ओर रवाना हो चुके हैं। सभी नाविक सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह घटना ऐसे समय हुई, जब हाल के दिनों में ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यापारिक जहाजों से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पिछले सप्ताह एक अन्य वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में भारतीय नाविकों की जान गई थी, जबकि कई अन्य जहाजों को भी सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही को महत्वपूर्ण बताया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

