अफगानिस्तान के बदख्शां में हिंसक झड़पें, चार की मौत, 32 घायल
काबुल, 11 मई (हि.स.)। अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्वी प्रांत बदख्शां में विभिन्न स्थानों पर हुई हिंसक झड़पों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ये झड़पें तालिबान बलों, स्थानीय निवासियों और सशस्त्र विरोधी समूहों के बीच बढ़ते तनाव का परिणाम हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक विवादों की मुख्य वजह अफीम की खेती को नष्ट करने की कार्रवाई, खनन क्षेत्रों पर नियंत्रण और तालिबान विरोधी गतिविधियां रही हैं। अफगान मीडिया संस्थान अमू टीवी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि अलग-अलग जिलों में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
अरगो जिले में तालिबान द्वारा पोस्ता की फसलों को नष्ट करने के अभियान के दौरान स्थानीय लोगों के साथ संघर्ष हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत और आठ लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं शुकाई जिले में खनन गतिविधियों को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की जान गई और 10 अन्य घायल हो गए।
इसके अलावा खाश जिले में स्थानीय निवासियों और तालिबान बलों के बीच झड़प में 11 लोग घायल हुए, जबकि जुर्म जिले में सशस्त्र प्रतिरोध से जुड़ी घटनाओं में तीन लोग घायल बताए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जिलों में तनाव अब भी बना हुआ है। कुछ इलाकों में लोगों ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया है, जबकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तालिबान ने अतिरिक्त बलों की तैनाती की है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

