पाकिस्तान के बन्नू में आतंकी हमला, 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत
इस्लामाबाद, 10 मई (हि.स.)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को हुए बड़े आतंकी हमले में 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हमला अफगानिस्तान सीमा से लगे बन्नू जिले में एक पुलिस चौकी को निशाना बनाकर किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्फोटकों से भरा एक वाहन सुरक्षा चौकी की ओर बढ़ रहा था। सुरक्षाबलों ने वाहन को रोकने के लिए गोलीबारी की, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकानों की छतें गिर गईं और पुलिस चौकी भी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। कई सुरक्षाकर्मी मलबे में दब गए।
धमाके के तुरंत बाद बड़ी संख्या में हथियारबंद आतंकियों ने चौकी पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई। कई घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले में कितने आतंकवादी मारे गए या गिरफ्तार किए गए।
बन्नू पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायल जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहैल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “कायरतापूर्ण आतंकी कार्रवाई” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले सुरक्षा बलों और आम जनता का मनोबल कमजोर नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए हैं।
यह क्षेत्र लंबे समय से आतंकी हिंसा से प्रभावित रहा है। पाकिस्तान सरकार पहले भी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) पर ऐसे हमलों के आरोप लगाती रही है, खासकर 2022 में संघर्षविराम समाप्त होने के बाद से। हालांकि, ताजा हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

