home page

सऊदी अरब में मिसाइल हमले से एक भारतीय की मौत, बांग्लादेशी नागरिक भी मारा गया

 | 

रियाद, 09 मार्च (हि.स.)। सऊदी अरब में बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच एक रिहायशी परिसर पर मिसाइल गिरने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक बांग्लादेशी नागरिक भी इस घटना में मारा गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हमले में कम से कम 12 अन्य बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए हैं।

बताया गया है कि यह घटना अल-खर्ज इलाके में हुई, जहां एक आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सऊदी सिविल डिफेंस अनुसार हमले के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इससे पहले ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने अल-खार्ज समेत कई स्थानों पर रडार सिस्टम को निशाना बनाया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि रिहायशी परिसर पर गिरने वाली मिसाइल उसी हमले से जुड़ी थी या नहीं।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने पहले ही सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। भारतीयों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण खाड़ी देशों में सुरक्षा स्थिति लगातार संवेदनशील बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय