home page

अब काठमांडू की चन्द्रागिरि पहाड़ियों से पर्यटक ले सकेंगे पैराग्लाइडिंग का आनंद

 | 
अब काठमांडू की चन्द्रागिरि पहाड़ियों से पर्यटक ले सकेंगे पैराग्लाइडिंग का आनंद


काठमांडू, 22 फ़रवरी (हि.स.)। काठमांडू उपत्यका की पश्चिमी पहाड़ियों में स्थित चन्द्रागिरि इन दिनों साहसिक पर्यटन का नया गंतव्य बन गया है। यहां से होने वाली पैराग्लाइडिंग पर्यटकों को काठमांडू उपत्यका के अनुपम दृश्य को आकाश से निहारने का दुर्लभ अवसर प्रदान कर रही है। भालेश्वर मन्दिर से पश्चिम की ओर स्थित चन्द्रागिरि पहाड़ी से पैराग्लाइडिंग की उड़ान शुरू होती है।

टेकऑफ के बाद ग्लाइडर धीरे-धीरे आकाश की ओर उठता हुआ हरे-भरे जंगलों, पहाड़ों और दूर तक फैली उपत्यका के मनोरम दृश्य दिखाता है। ऊपर से देखने पर शहर की भीड़भाड़ छोटी नजर आती है, जबकि प्रकृति की विशालता का एहसास और भी गहरा हो जाता है। यह साहसिक गतिविधि सानोबाबु सुनुवार की कंपनी बाबु एड्भेन्चर्स संचालित कर रही है। अनुभवी पायलट के साथ की जाने वाली ‘टैंडम फ्लाइट’ को सुरक्षित माना जाता है और यह सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयुक्त है।

उड़ान के अंतिम चरण में ग्लाइडर मकवानपुर जिले के चित्लाङ क्षेत्र में उतरता है। इस दौरान इन्द्रसरोवर ताल, हरे-भरे वन, पुराने बस्तियां और खेतों के सुंदर दृश्य यात्रा को और भी आकर्षक बना देते हैं। साफ मौसम में उत्तर दिशा में दिखाई देने वाली हिमश्रृंखलाएं इस अनुभव को और भी अविस्मरणीय बना देती हैं। स्वरेक मैदान में पैराग्लाइडिंग स्कूल और दोर्दी गाउँपालिका में हाई-एल्टीट्यूड पैराग्लाइडिंग स्कूल संचालित कर रहे सुनुवार का कहना है कि साहसिक हवाई पर्यटन नेपाल के विभिन्न हिस्सों में संभव है। उन्होंने बताया कि काठमांडू उपत्यका के निवासियों को भी रोमांचक उड़ान का अनुभव देने के उद्देश्य से चन्द्रागिरि में निवेश किया गया है।

चन्द्रागिरि की पैराग्लाइडिंग ने काठमांडू में साहसिक पर्यटन का एक नया आयाम जोड़ा है। प्रकृति, रोमांच और विहंगम दृश्यावलोकन के अद्भुत संयोजन के कारण यह गतिविधि घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास