home page

‘रिश्वत लेना और देना दोनों अपराध’, शिमला में सीबीआई ने लोगों को किया जागरूक

 | 

शिमला, 20 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी (सीबीआई) की ओर से बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों के प्रति जागरूक किया गया और शिकायत करने के लिए आगे आने की अपील की गई।

कार्यशाला में सीबीआई के एसपी राजेश चहल ने कहा कि भ्रष्टाचार समाज और देश की प्रगति में बड़ी बाधा है और इसे खत्म करने के लिए केवल जांच एजेंसियों की कार्रवाई काफी नहीं है। इसके लिए आम लोगों की भागीदारी और सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कहीं भी भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी की जानकारी मिले तो उसे छिपाने के बजाय संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों ने लोगों को बताया कि यदि कोई केंद्रीय सरकारी कर्मचारी, बैंक अधिकारी या सार्वजनिक उपक्रम का कर्मचारी रिश्वत मांगता है या आय से अधिक संपत्ति रखता है तो इसकी शिकायत सीबीआई से की जा सकती है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल की जानकारी भी लोगों के साथ साझा की गई।

कार्यशाला स्थल पर भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता से जुड़े पोस्टर और स्टैंड भी लगाए गए थे। इनमें लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और शिकायत दर्ज करवाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि रिश्वत लेना और रिश्वत देना दोनों कानूनन अपराध हैं और भ्रष्टाचार रोकने में जनता की भूमिका बेहद अहम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा