हिमाचल हाईकोर्ट में मनाया स्वतंत्रता दिवस, मुख्य न्यायाधीश ने फहराया तिरंगा
शिमला, 15 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट परिसर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य न्यायाधीश जी. एस. संधावालिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। समारोह के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा, न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ, न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा, न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह, न्यायमूर्ति रंजन शर्मा, न्यायमूर्ति बिपिन चंद्र नेगी, न्यायमूर्ति राकेश कैंथला, न्यायमूर्ति जिया लाल भारद्वाज और न्यायमूर्ति रोमेश वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में न्यायपालिका से जुड़े कई वरिष्ठ और पूर्व पदाधिकारी भी शामिल हुए।
समारोह में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, हिमाचल हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए. के. गोयल और न्यायमूर्ति वी. के. शर्मा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा महाधिवक्ता, रजिस्ट्रार जनरल, विभिन्न रजिस्ट्रार, शिमला में तैनात न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में हाईकोर्ट रजिस्ट्री, जिला न्यायालय शिमला, महाधिवक्ता कार्यालय, भारत सरकार के सहायक सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय, हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी, हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और हाईकोर्ट परिसर में स्थित अन्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

