हिमाचल में करुणामूलक आधार पर 94 ग्रुप-सी कर्मचारियों को मिली नियुक्ति
शिमला, 26 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने करुणामूलक रोजगार नीति के तहत जुलाई 2026 के दौरान विभिन्न विभागों में 94 ग्रुप-सी कर्मचारियों को नियुक्ति दी है। ये नियुक्तियां निदेशालय भर्ती, हिमाचल प्रदेश के माध्यम से की गई हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को ये जानकारी दी। ।
उन्होंने कहा कि दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को करुणामूलक नियुक्ति के वास्तविक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। नियुक्तियां जल शक्ति, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, गृह और बागवानी विभागों में की गई हैं।
इस बीच, करुणामूलक आधार पर नियुक्ति पाने वाले कई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उनका कहना है कि संबंधित विभागों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश मिलने के बाद वर्षों से लंबित मामलों में कार्रवाई हुई और पात्र परिवारों को राहत मिली।
ऊना जिले के कुठेड़ा खैरला निवासी अक्षय कुमार ने बताया कि उनके पिता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में ऑपरेटर थे और वर्ष 2018 में उनका निधन हो गया था। उन्होंने उसी वर्ष करुणामूलक नियुक्ति के लिए आवेदन किया था, लेकिन वर्ष 2018 से 2022 के बीच उनके मामले में कोई निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में उनके मामले पर कार्रवाई शुरू हुई। फरवरी 2026 में उन्हें चयन की सूचना मिली, मार्च 2026 में उन्होंने टाइपिंग परीक्षा दी और जुलाई 2026 में नियुक्ति पत्र मिला।
शिमला जिले के कोटखाई की शालू चौहान ने बताया कि उनके पिता जल शक्ति विभाग में पंप ऑपरेटर थे और वर्ष 2013 में उनका निधन हो गया था। उन्होंने कहा कि उनके आवेदन पर पहले कोई निर्णय नहीं हुआ, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में उनके मामले का निपटारा किया गया। उन्होंने मार्च 2026 में टाइपिंग परीक्षा दी और जुलाई 2026 में नियुक्ति पत्र प्राप्त किया।
कांगड़ा जिले के बैजनाथ की आकांक्षा कपूर ने बताया कि उनके पिता हाइड्रोलॉजी विभाग में वरिष्ठ सहायक थे और वर्ष 2019 में उनका निधन हो गया था। उन्होंने कहा कि उनके आवेदन पर पहले कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार ने उनके मामले का निपटारा करते हुए जुलाई 2026 में नियुक्ति दी। सिरमौर जिले के नाहन निवासी लोकेश चौहान ने बताया कि उनके पिता जल शक्ति विभाग में कार्यरत थे और वर्ष 2014 में उनका निधन हो गया था। उन्हें भी जुलाई 2026 में करुणामूलक आधार पर रोजगार मिला। हमीरपुर जिले के कुठेड़ा की शिवानी कुमारी को स्वास्थ्य विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पद पर नियुक्ति मिली है। उनके पति स्वास्थ्य विभाग में डेंटल मैकेनिक थे और वर्ष 2023 में उनका निधन हो गया था।
प्रवक्ता के मुताबिक राज्य सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि विभिन्न विभागों में पहले विभिन्न कारणों से अस्वीकृत किए गए करुणामूलक नियुक्ति के मामलों की एकमुश्त विशेष पहल के तहत समीक्षा की जाएगी। वास्तविक और पात्र मामलों की दोबारा जांच की जाएगी। नीति के प्रावधानों के अनुरूप जहां आवश्यकता होगी, वहां उपयुक्त छूट देने पर भी विचार किया जाएगा। सरकार ने कहा है कि करुणामूलक रोजगार के सभी पात्र मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

