हिमाचल में 700 होम गार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती, 31 मार्च तक आवेदन
शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए अवसर आया है। राज्य के गृह रक्षा विभाग ने 700 होम गार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 तय की गई है।
विभाग के अनुसार भर्ती के तहत कुल 700 पद भरे जाएंगे। इनमें सामान्य ड्यूटी (पुरुष) के 358 पद, सामान्य ड्यूटी (महिला) के 167 पद, बैंडमैन के 74 पद, होम गार्ड ड्राइवर के 76 पद और तकनीकी ट्रेड्समैन के 25 पद शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और मैट्रिक प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। पात्रता के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक, 10+2 या निर्धारित अन्य शैक्षणिक योग्यता उत्तीर्ण होना जरूरी है। अधूरे या गलत दस्तावेज जमा करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं।
इस भर्ती में एक अहम बात यह है कि अग्निपथ योजना के तहत सेवामुक्त अग्निवीरों को भी मौका दिया गया है। निर्धारित शैक्षणिक मानदंड पूरे करने वाले अग्निवीर इस प्रक्रिया में आवेदन कर सकते हैं। विभाग का मानना है कि इससे प्रशिक्षित युवाओं को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को 45 दिन का बेसिक प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पास करने के बाद ही उन्हें संबंधित होम गार्ड इकाइयों में तैनाती दी जाएगी।
गृह रक्षा विभाग ने इच्छुक युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, जिससे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके। माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में युवा इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

