home page

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति फिर अटकी, 6084 चयनित अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ा

 | 

शिमला, 19 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों को फिलहाल राहत नहीं मिली है। शिक्षकों की तैनाती और स्कूल आवंटन को लेकर आज यानी 19 जून को प्रस्तावित कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक टल गई है। अब इस बैठक की नई तारीख बाद में तय की जाएगी, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया में एक बार फिर देरी हो गई है।

जानकारी के अनुसार शिक्षा सचिव राकेश कंवर इन दिनों हिमाचल प्रदेश से बाहर हैं और 22 जून को शिमला लौटेंगे। उनके लौटने के बाद ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक आयोजित होने की संभावना है। इस बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी शामिल होंगे।

प्रदेश में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सरकार ने 158 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया था। इनमें से 147 स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में प्रदेशभर से 9,821 शिक्षकों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 6,084 शिक्षक मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल रहे।

शिक्षा विभाग ने मेरिट और शिक्षकों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। काउंसलिंग की तैयारी भी की गई थी, लेकिन बाद में इस प्रक्रिया को रोक दिया गया। इसके बाद से चयनित शिक्षक अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। मेरिट सूची में शामिल कई शिक्षक अपने पसंदीदा स्कूलों में नियुक्ति मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए सीबीएसई स्कूलों में चयनित शिक्षकों की तैनाती और वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों के संभावित तबादलों के बीच संतुलन बनाने की बताई जा रही है। इसी कारण नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने से पहले विभिन्न विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।

कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में यह तय किया जा सकता है कि शिक्षकों की तैनाती केवल मेरिट के आधार पर होगी, विकल्पों को प्राथमिकता दी जाएगी, वरिष्ठता को महत्व मिलेगा या फिर इन सभी पहलुओं को मिलाकर कोई मिश्रित व्यवस्था अपनाई जाएगी। इस संबंध में अंतिम फैसला बैठक में ही लिया जाना है।

बता दें कि प्रदेश के 147 सीबीएसई स्कूलों में कुल 5,623 शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के माध्यम से स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया था। परीक्षा के बाद तैयार मेरिट सूची के आधार पर नियुक्तियां की जानी थीं, लेकिन प्रशासनिक और नीतिगत कारणों से यह प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा