हिमाचल की बदहाल स्थिति संभालें मंत्री, प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी बंद करें: राकेश जमवाल
शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमबाल ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने के बजाय प्रदेश की पंचायतों और ग्रामीण विकास की बदहाल स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
शिमला से सोमवार को जारी बयान में राकेश जमवाल ने कहा कि मंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण और राजनीतिक हताशा से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार और उसके मंत्री अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी कर रहे हैं। जमवाल ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है, विकास कार्य प्रभावित हैं और पंचायत स्तर पर कई योजनाएं अटकी हुई हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश की कई पंचायतों में विकास कार्यों के भुगतान लंबित हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कें, पेयजल योजनाएं और पंचायत भवनों के कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार से धन मिलने के बावजूद योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को लगातार सहयोग दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से हजारों गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया और दूरदराज के इलाकों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में सड़क और अन्य सुविधाओं के लिए केंद्र ने विशेष बजट उपलब्ध करवाया।
भाजपा नेता ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण और गरीब वर्ग को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी करने से पहले यह बताना चाहिए कि प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर कौन-सी बड़ी नई योजना शुरू की है।
राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, कर्मचारी परेशान हैं और सरकार विकास कार्यों के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध तक सीमित रह गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

