स्वास्थ्य विभाग में 105 और पदों पर भर्ती, आवेदन के लिए पोर्टल 25 जुलाई तक फिर खुला
शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने चिकित्सा क्षेत्र के 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। ये पद पहले से विज्ञापित भर्तियों के अतिरिक्त जोड़े गए हैं। आयोग ने इन पदों के लिए आवेदन पोर्टल 11 जुलाई से 25 जुलाई, 2026 तक दोबारा खोल दिया है।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पदों में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट के 60, रेडियोग्राफर के 30 और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन (एमएलटी ग्रेड-2) के 15 पद शामिल हैं। इन सभी पदों पर भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी।
आयोग ने बताया कि ये 105 पद 28 फरवरी, 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत पहले से निकाले गए 196 पदों के अतिरिक्त हैं।
मूल विज्ञापन में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) के 176, रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 10 और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन/एमएलटी ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 10 पद शामिल थे। इसके बाद 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के 18 और पद भी जोड़े गए थे।
आयोग के अनुसार अब घोषित किए गए 105 अतिरिक्त पदों को 28 फरवरी, 2026 के मूल विज्ञापन और 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के साथ जोड़ा जाएगा। इसी कारण तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई, 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन संख्या 04/2026 या 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के तहत पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

