home page

स्वंतत्रता दिवस पर शिमला के रिज मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह

 | 
स्वंतत्रता दिवस पर शिमला के रिज मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह


शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। शिमला में इस बार 15 अगस्त को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को बचत भवन में बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में तय किया गया कि जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगा। समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी के छात्र-छात्राएं और स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियां मार्चपास्ट करेंगी। पुलिस और होमगार्ड के बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे। परेड का पूर्वाभ्यास सामान्य रूप से 11 अगस्त से शुरू किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला लोक संपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) और जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) को सौंपी गई है। कार्यक्रम में देशभक्ति और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां शामिल की जाएंगी। आमंत्रण पत्रों की छपाई और वितरण की व्यवस्था सहायक आयुक्त (एसी टू डीसी) कार्यालय करेगा। यदि इस बार शिमला का समारोह राज्य स्तरीय घोषित होता है तो आमंत्रण पत्रों की छपाई सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) करवाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि समारोह के लिए ध्वनि विस्तारक प्रणाली की व्यवस्था डीपीआरओ कार्यालय करेगा। रिज मैदान की साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम शिमला को दी गई है। अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एसी टू डीसी कार्यालय करेगा, जबकि समारोह के बाद मिठाइयों का वितरण नगर निगम की ओर से किया जाएगा।

समारोह के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक शिमला और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पहले से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने बैठक में कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसका आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ तय समय के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि समारोह में आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में यह फैसला भी लिया गया कि जिला स्तरीय समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रतिभागियों के नामों की सूची कार्यक्रम से पहले एसी टू डीसी कार्यालय में जमा करानी होगी।

इसके अलावा सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रेरणादायक कार्य करने वाले लोगों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा