स्कूल में देरी से पहुंचने के आरोप में शिक्षक निलंबित, विभाग ने दिए जांच के आदेश
नाहन, 16 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में शिक्षक के देरी से पहुंचने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया चैनलों के माध्यम से यह मामला सामने आया था कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला परवा लवागो में अध्यापक निर्धारित समय पर स्कूल नहीं पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों को वीडियो में अपना विरोध जताते हुए देखा गया। मामले को लेकर मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई थीं।
बताया गया कि उक्त पाठशाला में दो अध्यापक कार्यरत हैं। इनमें से एक अध्यापक उस दिन खंड स्तरीय बाल मेले में भाग लेने के लिए सतौन गए हुए थे, जबकि दूसरे अध्यापक पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल में देरी से पहुंचने का आरोप लगाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय शिक्षा खंड प्रारंभिक कार्यालय रोनहाट निर्धारित किया गया है।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट के आधार पर आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

