सीपीआई(एम) का जथा मार्च अभियान नाहन से शुरू, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उठाई आवाज
नाहन, 09 मार्च (हि.स.)। सीपीआई-एम हिमाचल प्रदेश की राज्य कमेटी द्वारा जनता के ज्वलंत मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा जथा मार्च अभियान रविवार को जिला सिरमौर के नाहन से शुरू हो गया। अभियान के तहत राज्य कमेटी का जथा नाहन से निकलकर लोगों के बीच पहुंचा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। यह जथा आगे प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी जाकर जनता से संपर्क करेगा।
अभियान के अंतर्गत सोमवार से ही जिला सिरमौर के विभिन्न इलाकों में भी जथा मार्च निकाले जाएंगे। पच्छाद, राजगढ़, पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्रों में स्थानीय जथे निकाले जाएंगे, जिनके माध्यम से कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे, परचा वितरण करेंगे और जनता से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष में शामिल होने का आह्वान करेंगे।
सीपीआई(एम) के अनुसार यह अभियान मजदूरों, किसानों और आम जनता से जुड़े कई अहम मुद्दों को लेकर चलाया जा रहा है। इनमें लेबर कोड वापस लेने, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने, मनरेगा को बहाल करने, बिजली संशोधन विधेयक को वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने को बंद करने, किसानों को पांच बीघा जमीन देने, दूध का घोषित समर्थन मूल्य तय करने, आपदा प्रभावितों को जमीन देने तथा आरडीजी को बहाल करने की मांगें प्रमुख हैं।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं राकेश सिंघा और संजय चौहान ने कहा कि डॉक्टर परमार की जन्मभूमि से यह ऐलान किया जाता है कि हिमाचल प्रदेश के हकों को खत्म करने का काम करने वाली केंद्र सरकार की नीतियों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान 24 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाली जन आक्रोश रैली की तैयारी का भी हिस्सा है। हिमाचल प्रदेश से हजारों लोग और जिला सिरमौर से सैकड़ों लोग 24 मार्च को दिल्ली के लिए रवाना होकर मजदूर और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

