home page

सिरमौर में उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब, पहली बार होगा बाबा बागेश्वर सरकार का आगमन

 | 

नाहन, 28 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिले की पावन धरा पर पहली बार प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार (धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री) का आगमन होने जा रहा है। आगामी 1 अप्रैल से 5 अप्रैल 2027 तक पांवटा साहिब में उनके श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सिरमौर जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।

इस विशाल धार्मिक एवं आध्यात्मिक महाकुंभ के आयोजन का दायित्व ‘खाटू श्याम सेवा समिति, पांवटा साहिब’ ने लिया है। समिति ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर प्राथमिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को विशाल, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न उप-समितियों का गठन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी संख्या को देखते हुए विशाल कथा स्थल के चयन के साथ-साथ उनके बैठने, स्वच्छ पेयजल, सुचारू पार्किंग, प्राथमिक चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था जैसे मूलभूत पहलुओं की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, यह धार्मिक महाकुंभ न केवल सिरमौर बल्कि समूचे उत्तर भारत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होगा। इस दिव्य कथा में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और देश के अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

खाटू श्याम सेवा समिति ने क्षेत्र की सभी धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं और धर्मप्रेमियों से इस पावन अवसर पर एकजुट होकर अपना योगदान देने की अपील की है। समिति ने सभी से कथा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने का आग्रह किया है। इसके साथ ही समिति ने आश्वस्त किया है कि कथा का निश्चित समय, भव्य कलश यात्रा का मार्ग और अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर