home page

सिरमौर में 26, 28 और 30 मई को मतदान, 27 पंचायतें निर्विरोध निर्वाचित

 | 

नाहन, 23 मई (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरमौर जिला में पंचायती राज संस्थाओं के जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उप-प्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनाव 26, 28 व 30 मई को तीन चरणों में होंगे।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 53 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 318 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधान पद के लिए कुल 826 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं तथा उप-प्रधान पद के लिए कुल 650 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि वार्ड सदस्य पदों के लिए 2047 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जबकि जिला की 27 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई है जिसमें विकास खंड पच्छाद में 02 पंचायतें शाडिया व दाडो देवरिया, विकास खंड संगडाह में 03 पंचायतें जिसमें दाना घाटों, संगडाह (ग्रामीण), व रणफूआ जबडोग, विकास खंड राजगढ़ में 04 पंचायतें जिसमें माटल बखोग, नेहरटी बघोट, काथली भरण व हाब्बन शामिल है।

इसी प्रकार विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार में 05 पंचायतें जिसमें टटियाना, पोका, शावगा, शरलीमानपुर व कांडो च्यिोग तथा विकास खंड शिलाई में 10 पंचायतें जिसमें बकरास, बाम्बल, बिन्डला दिगवा, धारवा, द्राविल, जरवा जुनेली, कांडो भटनोल, नावणा भटवाड़, सखोली व शिरी क्यारी तथा विकास खंड पांवटा साहिब की 02 पंचायतें जिसमें भैला व शिवा तथा विकास खंड ददाहू की 01 पंचायत चाडना शामिल है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सिरमौर जिला में मतदान हेतु कुल 1641 मतदान केंद्र बनाए गए है जिनमें 54 अति संवेदनशील, 268 संवेदनशील तथा 1319 सामान्य श्रेणी में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि इन मतदान केंद्रों पर जिला के कुल 03 लाख, 71 हजार, 404 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे जिसमें 01 लाख, 94 हजार, 309 पुरुष तथा 01 लाख, 77 हजार, 93 महिला मतदाता तथा 02 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर