सरकारी स्कूलों में अंशकालिक आया/हेल्पर के 48 पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू
नाहन, 21 नवंबर (हि.स.)।
जिला रोजगार अधिकारी सिरमौर देविन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला सिरमौर के राजगढ़ और खोरोंवाला शिक्षा खंड के सरकारी स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए अंशकालिक आया/हेल्पर के कुल 48 पदों पर आउटसोर्स आधार पर भर्ती की जाएगी। इन पदों को भरने के लिए मैसर्स स्काईलाइट मैनपावर एंड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज, डेरा-परोल, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर द्वारा कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राजगढ़ शिक्षा खंड के 29 पदों के लिए 25 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय राजगढ़ में तथा खोरोंवाला शिक्षा खंड के 19 पदों के लिए 26 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में प्रातः 11 बजे कैंपस इंटरव्यू होंगे।
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास तथा आयु 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे अपने साथ पैन कार्ड, आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाण पत्र, स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि और समय पर नजदीकी रोजगार कार्यालय में पहुंचना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

