संगड़ाह में आंगनवाड़ी सहायिका के पदों के लिए 17 नवंबर तक करें आवेदन, 26 को साक्षात्कार
नाहन, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बाल विकास परियोजना संगड़ाह के अंतर्गत भरे जाने वाले आंगनवाड़ी सहायिका के 13 पदों के लिए विभाग द्वारा आगामी 17 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परियोजना के आंगनबाड़ी केंद्र सताहन, जार-द्राबिल, सैर-तंदूला, कुफ्टू, खड़ाह, बढ़ोल, शिलाहन, डिमाईना, भानरा, पिपली, लुधियाना, बाऊनल व डाहर में खाली पड़े पदों के लिए उसी क्षेत्र से संबंधित 18 से 35 वर्ष के योग्य उम्मीदवार आज शनिवार से सीडीपीओ कार्यालय संगड़ाह में आवेदन जमा करवा सकते हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी संगड़ाह इंदिरा चौहान ने बताया कि, 26 नवंबर को उपमंडलाधिकारी कार्यालय संगड़ाह में साक्षात्कार होंगे और अभ्यार्थियों को अपने वास्तविक प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। साक्षात्कार के लिए अलग से सूचना या पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

