home page

शिमला : शहीदों के सम्मान में स्वच्छता अभियान, 120 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र

 | 
शिमला : शहीदों के सम्मान में स्वच्छता अभियान, 120 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र


शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में शहीदों के सम्मान में “मेरा भारत–मेरी ज़िम्मेदारी” पहल के तहत गुरूवार को युवाओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर करीब 120 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया। यह अभियान मेरा युवा भारत, शिमला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वयंसेवकों और खेल एवं सांस्कृतिक संघ, शिमला के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।

इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में खेल एवं सांस्कृतिक संघ, शिमला के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सचिव कविन ऋतुराज, उपाध्यक्ष अभिनव गौतम और शुभम् चक्रवर्ती सहित कई स्वयंसेवक सक्रिय रूप से शामिल रहे। स्वयंसेवकों ने रिज मैदान से जाखू हनुमान मंदिर तक पूरे मार्ग के दोनों ओर सफाई अभियान चलाया।

सफाई अभियान के दौरान लगभग 120 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया, जिसमें अधिकतर एक बार उपयोग होने वाला प्लास्टिक शामिल था। अभियान का उद्देश्य केवल क्षेत्र की सफाई करना ही नहीं था बल्कि लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। स्वयंसेवकों ने आम लोगों को बताया कि एक बार उपयोग होने वाला प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके उपयोग को कम करना बहुत जरूरी है।

स्वयंसेवकों ने यह भी कहा कि शिमला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखना सभी लोगों की साझा जिम्मेदारी है। स्वच्छ और हरित वातावरण न केवल स्थानीय लोगों के जीवन को बेहतर बनाता है, साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों को भी सकारात्मक संदेश देता है।

इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। इस स्वच्छता अभियान को शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ नागरिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा