home page

शिमला में भालुओं के हमलों से बढ़ी चिंता, कोटखाई में 23 घटनाएं दर्ज

 | 
शिमला में भालुओं के हमलों से बढ़ी चिंता, कोटखाई में 23 घटनाएं दर्ज


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भालुओं के बढ़ते हमलों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। अकेले कोटखाई क्षेत्र में भालुओं के हमलों की 23 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई लोग इन हमलों में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ को आईसीयू में उपचार देना पड़ा है। भालुओं की आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों में बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानव सुरक्षा के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की पहल की है। इसके तहत वन विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के साथ मिलकर बचाव के उपाय किए जाएंगे।

उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में वन मंडलाधिकारियों (डीएफओ), एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों, पर्यटन और अन्य विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रभावित ग्राम पंचायतों के प्रधान भी ऑनलाइन बैठक से जुड़े। बैठक में बताया गया कि पहले भालुओं की गतिविधियां मुख्य रूप से रात के समय रहती थीं, लेकिन अब दिन में भी खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास उनकी मौजूदगी देखी जा रही है। कई जगह मादा भालू दो से तीन शावकों के साथ दिखाई दी हैं।

वन मंडलाधिकारी, ठियोग ने बताया कि कोटखाई में भालुओं के हमलों की अधिकांश घटनाएं रात 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच हुई हैं। भालुओं की नियमित गणना नहीं होने से उनकी वास्तविक संख्या का पता लगाना मुश्किल है। रामपुर के काशापाट, डंसा और सराहन क्षेत्रों में भी हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। रामपुर में रैपिड रेस्क्यू टीम तैनात है और वन विभाग अब तक 12 भालुओं को अलग-अलग स्थानों से वन्यजीव अभयारण्यों में स्थानांतरित कर चुका है।

बैठक में जंगलों में आग लगने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और भोजन की उपलब्धता प्रभावित होने का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने आशंका जताई कि भोजन की तलाश में भालू खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते हैं। उपायुक्त ने भालुओं की संख्या, व्यवहार और विचरण क्षेत्रों में बदलाव का वैज्ञानिक अध्ययन करवाने पर जोर दिया।

प्रशासन ने वन विभाग को सभी पंचायतों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में गौशालाओं के दरवाजे मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार सुरक्षित पिंजरे लगाने पर भी विचार किया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा के इंतजाम करने और पर्यटकों व ट्रैकर्स के लिए भालुओं से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आपात उपचार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टिटनेस, एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन जैसी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं। बैठक में भालुओं को दूर रखने के लिए लाल मिर्च मिले गोबर के उपले जलाने, इलेक्ट्रिक फुटमैट, एनिमल डिटरेंट डिवाइस और बियर स्प्रे के इस्तेमाल जैसे उपायों पर भी चर्चा हुई।

कंडी पंचायत के प्रधान ब्यासु राम ने बताया कि हाल ही में उनकी पंचायत में भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ था। उन्होंने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद घायल को आईजीएमसी पहुंचाने में मदद मिली। उनके अनुसार क्षेत्र में भालू मटर और अन्य पारंपरिक फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भेड़ पालकों को भी अपने और पशुओं की सुरक्षा की चिंता बनी हुई है। उपायुक्त ने लोगों से अकेले आवाजाही से बचने, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने तथा भालू दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा