शिमला में बर्फबारी से निपटने का प्लान तैयार, पांच सेक्टर में बंटा शहर, अस्पतालों के रास्ते सबसे पहले खुलेंगे
शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला में बर्फबारी के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार शहर को पांच सेक्टर में बांटकर हर सेक्टर में नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। बर्फबारी के दौरान सबसे पहले अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्ते खोले जाएंगे। वहीं, बिजली, पानी और सड़क सेवाओं को जल्द बहाल करने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में बर्फबारी से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने और आवश्यक संसाधन पहले से उपलब्ध रखने को कहा। सभी कार्यालयाध्यक्षों और शिक्षण संस्थानों को अपने भवनों का सुरक्षा ऑडिट करवाने के निर्देश भी दिए गए। सर्दियों में आग और अलाव जलाने से होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
सेक्टरवार जिम्मेदारी, अस्पतालों के रास्तों को प्राथमिकता
प्रशासन ने शिमला को पांच सेक्टर में बांटा है। पहले सेक्टर में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां शामिल हैं। दूसरे में ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार, विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का क्षेत्र रखा गया है। तीसरे सेक्टर में टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर शामिल हैं।
चौथे सेक्टर में डीसी कार्यालय, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड होते हुए छोटा शिमला, ओक ओवर, रिज, जाखू, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय का क्षेत्र रहेगा। पांचवें सेक्टर में सचिवालय, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार शामिल हैं।
बर्फबारी के दौरान संजौली से आईजीएमसी, चम्याणा अस्पताल मार्ग, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल और केएनएच से कार्ट रोड को प्राथमिकता से खोला जाएगा। इसके अलावा राजभवन से ओक ओवर, होली लॉज से रिज और सचिवालय, बालूगंज से पीटरहॉफ और चौड़ा मैदान, लिफ्ट से उच्च न्यायालय तथा कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए संजौली तक के मार्ग भी प्राथमिकता सूची में हैं। छोटा शिमला से कसुम्पटी-पंथाघाटी और मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी मार्ग को भी जल्द खोलने की व्यवस्था रहेगी।
विंटर कार्निवाल में यातायात और सुरक्षा की चुनौती
25 से 31 दिसंबर तक होने वाले विंटर कार्निवाल के दौरान शहर में प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के पहुंचने का अनुमान है। उपायुक्त ने पुलिस को यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। शहर के सीसीटीवी कैमरों की जांच और जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने को भी कहा गया।
सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं। राशन, रसोई गैस और डीजल का पर्याप्त भंडारण करने के साथ आपदा मित्रों को भी तैयार रखने को कहा गया है। जिले की छोहारा की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतों को आपदा सुरक्षा किट दी गई हैं।
एम्बुलेंस में चेन और अस्पतालों में दवाइयों का इंतजाम
स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस के टायरों में चेन लगाने और सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां व आपातकालीन चिकित्सा सामग्री रखने के निर्देश दिए गए हैं। जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम को पेयजल आपूर्ति बनाए रखने तथा बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए तैयारी रखने को कहा गया है। वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम से बर्फबारी से निपटने के लिए आवश्यक सामान की सूची अगले दिन तक मांगी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा। किसी भी आपदा की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

