home page

शिमला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए 27 नवम्बर से 9,151 अभ्यर्थियों की होगी शारीरिक परीक्षा

 | 

शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल बनने की दौड़ में शामिल शिमला जिला के 9,151 अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा 27 नवंबर से शुरू होगी। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के अगले चरण में अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीईटी/पीएसटी) से गुजरना होगा। इसके लिए शिमला के पुलिस लाइन्स भराड़ी में पांच दिसंबर तक परीक्षण आयोजित किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया में 2,707 महिला और 6,444 पुरुष अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित होगी परीक्षण प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पुलिस ने शारीरिक परीक्षण चरणबद्ध तरीके से करवाने की व्यवस्था की है। इसके तहत सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग दिन परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने निर्धारित दिन पर ही पुलिस लाइन्स भराड़ी पहुंचना होगा। शारीरिक दक्षता और शारीरिक मानकों से जुड़े परीक्षण भर्ती प्रक्रिया के नियमों के अनुसार किए जाएंगे।

ई-कॉल लेटर के निर्देशों का पालन करना जरूरी

शिमला पुलिस ने भर्ती में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपने ई-कॉल लेटर को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। ई-कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों के अनुसार ही अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें अपने साथ आवश्यक दस्तावेज भी लाने होंगे। पुलिस ने निर्धारित समय पर पहुंचने और परीक्षण के दौरान अनुशासन बनाए रखने को कहा है। भर्ती स्थल पर पुलिस की ओर से दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा।

निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती के लिए किए प्रबंध

शिमला पुलिस के अनुसार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के मद्देनजर भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। एससपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी। चरणबद्ध परीक्षण से प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी शारीरिक दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर ध्यान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा