home page

शिमला में 19 मई को प्रादेशिक सेना भर्ती रैली, 23 पदों के लिए पूर्व सैनिकों और पूर्व महिला कर्मियों को मौका

 | 

शिमला, 06 मई (हि.स.)। शिमला स्थित जतोग मिलिट्री कैंट में 19 मई 2026 को 133 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको डोगरा द्वारा भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली के जरिए कुल 23 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें एक जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर), 18 सैनिक जनरल ड्यूटी और शेष पद विभिन्न ट्रेड्समैन के शामिल हैं। यह भर्ती मुख्य रूप से भूतपूर्व सैनिकों के लिए है, जबकि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और हिमाचल प्रदेश वन विभाग की पात्र पूर्व महिला कर्मचारी भी आवेदन कर सकती हैं।

भर्ती में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को 19 मई को सुबह 5:30 बजे जतोग कैंट में रिपोर्ट करना होगा, जहां उनकी शारीरिक जांच, दक्षता परीक्षण और साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जनरल ड्यूटी पदों के लिए हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है, जबकि ट्रेड्समैन पदों के लिए पूरे देश से उम्मीदवार पात्र होंगे।

पूर्व सैनिकों के लिए जरूरी है कि वे पेंशनधारी हों, उनका चरित्र रिकॉर्ड ‘एक्सेम्प्लरी’ या ‘वेरी गुड’ श्रेणी का हो और वे शारीरिक रूप से फिट हों। जेसीओ पद के लिए पिछले पांच वर्षों के भीतर सेवानिवृत्ति अनिवार्य है। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर और वजन 50 किलोग्राम तय किया गया है।

वहीं, पात्र पूर्व महिला कर्मचारियों के लिए कम से कम 20 साल की सेवा और पेंशनधारी होना जरूरी है। उनके लिए न्यूनतम लंबाई 150 सेंटीमीटर और वजन 42 किलोग्राम निर्धारित है। चयन प्रक्रिया में पुरुषों के लिए 1.6 किलोमीटर दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण और महिलाओं के लिए वनीकरण से संबंधित दक्षता परीक्षण शामिल होंगे।

चयनित उम्मीदवारों को साल में 8 से 10 महीने तक सेवा देनी होगी। जबकि 2 से 4 महीने का अवकाश (डिसएम्बॉडिमेंट) दिया जाएगा। इस सेवा के दौरान अतिरिक्त पेंशन या ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिलेगा।

इस सेवा के दौरान अतिरिक्त पेंशन या ग्रेच्युटी का प्रावधान नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा