शिमला : दो निजी कम्पनियों में 56 पदों के लिए 6 और 7 नवंबर को होंगे कैंपस इंटरव्यू
शिमला, 04 नवंबर (हि.स.)। शिमला में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलने जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से दो निजी कंपनियों में कुल 56 पदों को भरने के लिए 6 और 7 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिसॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड में छह पद और आईसीआईसीआई बैंक (NIIT IFBI) में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पद शामिल हैं। जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराइक ने बताया कि इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिसॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड मशोबरा में 6 नवंबर को सुबह 10 बजे कैंपस इंटरव्यू होगा। कंपनी में हाउसकीपिंग के तीन और इलेक्ट्रीशियन के तीन पदों पर भर्ती की जाएगी। हाउसकीपिंग के पदों के लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास या किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। इलेक्ट्रीशियन के पदों के लिए आईटीआई डिप्लोमा अनिवार्य है। इन दोनों पदों के लिए 18 से 27 वर्ष आयु के पुरुष और महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इस भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7018219204 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक, इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंस, बैंकिंग एंड इंश्योरेंस में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पदों को भरने के लिए 7 नवंबर को सुबह 10 बजे साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इन पदों के लिए किसी भी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 21 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 26 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इन पदों के लिए नियुक्ति शिमला में होगी। साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय परिसर, यूएस क्लब, शिमला में आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

