home page

वंदे मातरम राष्ट्र की आत्मा, प्रधानमंत्री के लोकसभा में उद्बोधन ने जगाई नई चेतना

 | 
वंदे मातरम राष्ट्र की आत्मा, प्रधानमंत्री के लोकसभा में उद्बोधन ने जगाई नई चेतना


मंडी, 08 दिसंबर (हि.स.)। जयराम ठाकुर ने संसद में वंदे मातरम पर हुई चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभावी उद्बोधन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम के राष्ट्रीय महत्व, उसकी ऐतिहासिक भूमिका और स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए अद्वितीय योगदान को अत्यंत गरिमा और स्पष्टता के साथ सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह महत्वपूर्ण प्रसंग भी याद दिलाया कि सरोजिनी बोस ने वंदे मातरम पर लगे प्रतिबंध के विरोध में चूड़ियाँ न पहनने का संकल्प लिया था—यह उस समय देश की राष्ट्रीय भावना, आत्मसम्मान और इस गीत के प्रति जनमानस की गहरी निष्ठा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि वंदे मातरम ने करोड़ों भारतीयों में स्वतंत्रता की ज्योति जगाई और यह गीत आज भी राष्ट्र की आत्मा से गहराई से जुड़ा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम पर प्रतिबंध लगाना राष्ट्रीय चेतना को दबाने का दुर्भाग्यपूर्ण कदम था, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन में इस ऐतिहासिक सत्य को निर्भीकता से उजागर कर राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का सम्मान किसी दल की राजनीति का विषय नहीं, बल्कि भारत की पहचान और गौरव का प्रश्न है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सहित देश की जनता वंदे मातरम की प्रतिष्ठा और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है।

सुंदरनगर के महादेव निवासी डॉ. संजय कुमार ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनका पटका पहनाकर स्वागत किया। डॉ संजय इस समय पच्चीसी खेल महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश डॉजबॉल खेल संघ के चैयरमेन हैं। इस मौके पर युवा मोर्चा के प्रमुख प्रवक्ता भुवनेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।

भाजपा में शामिल होने को लेकर संजय ने कहा कि उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि कांग्रेस की रही है लेकिन भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से वे काफी प्रभावित हैं और पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा सर्वमान्य नेता होना ही मंडी वासियों के लिए सौभाग्य की बात है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा