home page

रामपुर से लापता 14 वर्षीय नाबालिग सोलन में सकुशल बरामद

 | 

शिमला, 10 सितंबर (हि.स.)। शिमला पुलिस ने रामपुर क्षेत्र से लापता हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्चे को सोलन जिले के गड़कला से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार नाबालिग के पांच सितंबर को रामपुर क्षेत्र से लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद रामपुर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और विभिन्न स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।

पुलिस टीम के प्रयासों के दौरान नाबालिग को गड़कला, जिला सोलन से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह घर पर बिना बताए चला गया था।

पुलिस ने बच्चे की बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे सुरक्षित रूप से उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा