home page

राजगढ़ में घायल अवस्था में मिला तेंदुआ

 | 

नाहन, 05 जून (हि.स.)।सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेंदुआ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। तेंदुआ घायल अवस्था में पड़ा था और उसकी पिछली दोनों टांगें काम नहीं कर रही थीं। हालांकि, तेंदुए की क्षेत्र में मौजूदगी से लोगों के बीच अचानक हड़कंप जरूर मच गया। राहत की बात यह रही कि तेंदुए ने किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत राजगढ़ के वार्ड नंबर-7 कोटली में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे तेंदुए को घायल हालत में पड़ा देखा। कुछ ही क्षणों में यह सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

डीएफओ राजगढ़ समीर राज ने बताया कि तेंदुए की पिछली दोनों टांगें काम नहीं कर रही हैं, जिसके कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी यह हालत किस कारण हुई है, लेकिन आशंका है कि वह किसी हादसे या गंभीर चोट का शिकार हुआ हो सकता है।

उन्होंने बताया कि मामले की सूचना तुरंत वाइल्ड लाइफ विभाग को दी गई। घायल तेंदुए के रेस्क्यू और उपचार के लिए शिमला से विशेष वाइल्ड लाइफ टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए शिमला ले जाया जाएगा। इसके बाद ही तेंदुए के घायल होने और पिछली टांगों के काम न करने की असल वजह पता चल पाएगी।

उधर, वन विभाग ने लोगों से अपील की कि वे तेंदुए के पास जाने या उसे परेशान करने का प्रयास न करें। विभाग की टीम मौके पर निगरानी बनाए हुए है और वन्यजीव तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर