home page

मैट्रिक एवं जमा दो अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से

 | 
मैट्रिक एवं जमा दो अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से


धर्मशाला, 30 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मैट्रिक एवं जमा दो (नियमित) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अनुपूरक परीक्षाओं का आयोजन 3 जुलाई से किया जा रहा है। इन परीक्षाओं में कंपार्टमेंट, एसेंशियल इम्प्रूवमेंट, ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट, स्पेशल चांस, एडिशनल सब्जेक्ट, डिप्लोमा होल्डर री अपीयर तथा बोर्ड नियमों के अंतर्गत अनुमन्य अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षाएं प्रातः कालीन सत्र में प्रातः 8:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मैट्रिक (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 10 जुलाई, 2026 तक तथा जमा दो (नियमित) श्रेणी की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 16 जुलाई, 2026 तक संचालित की जाएंगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध है।

डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों को भी सूचित किया है, जिन्हें बोर्ड द्वारा विशेष अवसर प्रदान किया गया है अथवा जिन्होंने किसी अपरिहार्य कारणवश पूर्व निर्धारित परीक्षा में भाग नहीं लिया था और इस संबंध में बोर्ड को आवेदन प्रस्तुत किए थे। ऐसे अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी पात्रता एवं आवेदन की स्थिति की पुष्टि कर निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के सुचारू, पारदर्शी एवं सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्रों में पहुंचने का आग्रह किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया