मूल्यांकन प्रक्रिया के पहले चरण में 60 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण : डॉ राजेश
धर्मशाला, 12 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश भर में स्थापित 41 मूल्यांकन केंद्रों पर चल रही बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। प्रथम चरण में अब तक लगभग 60 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के मूल्यांकन कार्य को 16 अप्रैल तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि इसी अवधि में द्वितीय चरण का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड मुख्यालय से मूल्यांकन केंद्रों को उत्तरपुस्तिकाओं के बंडल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल तक घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस दिशा में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के विभिन्न विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से किया जा रहा है, जिसमें हजारों शिक्षक सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। डॉ. राजेश शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि विद्यार्थियों को समयबद्ध एवं सटीक परिणाम उपलब्ध कराए जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

