मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पीति के रंगरिक को दी करोड़ों की सौगातें
शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जनजातीय जिला लाहौल सिटी के प्रवास के दौरान स्पीति घाटी के रंगरिक में बालिका छात्रावास के नए भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने रंगरिक स्थित स्वास्थ्य उपकेन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रंगरिक में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास का औचक निरीक्षण किया, छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को करीब से समझने के लिए वह इन क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर रहे हैं। लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली जा रही है। इनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सरकार लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है और उन्हें प्रदेश के बजट में शामिल किया जा रहा है।
रंगरिक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सामने बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने नए छात्रावास के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उनकी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।
छात्रावास में चारदीवारी का निर्माण, दो मल्टी-टास्क वर्करों और एक महिला वार्डन की नियुक्ति तथा पानी की कमी दूर करने से संबंधित मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश के विकास की मुख्यधारा से वंचित संवेदनशील वर्गों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी प्रदेश के कई दुर्गम क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और वहां लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए गए हैं।
रंगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासी सोनम फुंसुक के आवास पर रात्रि विश्राम किया। स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र के स्थानीय व्यंजन परोसे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

