home page

भगानी और उत्तराखंड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाल, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 | 

नाहन, 30 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब को भगानी और उत्तराखंड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों ने गुरुवार को जिला परिषद सदस्य रोशन शास्त्री के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि दोपहिया वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है और बरसात के दौरान लोगों की परेशानियां कई गुना बढ़ गई हैं।

लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने के दौरान कई बार लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को शिकायतें व ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

जिला परिषद सदस्य रोशन शास्त्री ने इस दौरान पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए विधायक निधि से कोई राशि उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग पांवटा विधानसभा के आधे से अधिक क्षेत्र को जोड़ने वाली जीवनरेखा है। यदि यह ग्रामीण सड़क नहीं होती तो शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर