बिरला में 48 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नाहन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर स्थित तहसील ददाहू की ग्राम पंचायत बिरला के गांव स्वाडा नदासी में एक 48 वर्षीय व्यक्ति द्वारा पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुखदेव पुत्र स्व. माता राम, निवासी गांव स्वाडा नदासी (डाकघर बिरला, तहसील ददाहू) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह की है। परिजनों ने बताया कि सुखदेव बिना किसी को बताए घर से अचानक कहीं चला गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसका शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि सुखदेव सुबह बिना किसी को बताए घर से निकला था और बाद में उसका शव पेड़ से लटका पाया गया।
एएसपी सिरमौर नरेंदर कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ददाहू भेज दिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

