home page

नाहन में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने ध्वाजारोहण कर ली परेड की सलामी

 | 
नाहन में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने ध्वाजारोहण कर ली परेड की सलामी


नाहन, 15 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन चौगान में आयोजित हुए 80 वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में आवास, नगर एवं ग्राम नियोजन, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने ध्वाजारोहण कर जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। समारोह के दौरान चौगान मैदान में आयोजित भव्य परेड में विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा बलों तथा शिक्षण संस्थानों की 15 टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एएसआई आशीष कुमार ने किया। परेड की टुकड़ियों ने कदम से कदम मिलाते हुए सलामी दी।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने डॉ. वाई.एस.परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शहीद चौक पर उन्होंने शहीदों को भी श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने प्रदेशवासियों तथा जिला सिरमौर के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि यह उस संघर्ष, त्याग और बलिदान की अमर स्मृति है, जिसके परिणामस्वरूप भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हुआ।

उन्होंने कहा कि एआई के इस हाई-टैक युग में प्रदेश सरकार युवाओं को हर चुनौती के लिए तैयार कर रही है इसलिए आर्टिफिशल इंटेलिजैंस, डाटा सांईस, इंटरनेट आॅफ थिंगस, मशीन लर्निंग, ड्रोन टैक्नोलाजी जैसी आधुनिक पाठ्यक्रमों को शुरू किया गया है। युवाओं के कौशल निखारने के लिए प्रशिक्षुओं को एक्सपोजर विजिट पर भेजा जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने जिला सिरमौर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 35 अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य व्यक्तियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।इस अवसर पर जलमूसा खड्ड, कटासन मंदिर के समीप आई बाढ़ के दौरान फंसे लोगों एवं मवेशियों के सफलतापूर्वक बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गृह रक्षक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित कार्यों, विशेषकर विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले बूथ लेवल अधिकारी को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त निष्ठापूर्वक अपना कार्य निर्वहन करने वाले एचआरटीसी के बस चालकों को भी सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के दौरान भव्य परेड में भाग लेने वाली विभिन्न टुकड़ियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के प्रतिभागियों को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर