home page

नाहन नगर परिषद चुनाव: ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग पूरी, प्रत्याशियों को दी जानकारी

 | 
नाहन नगर परिषद चुनाव: ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग पूरी, प्रत्याशियों को दी जानकारी


नाहन, 09 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में 17 मई को होने वाले नगर परिषद चुनाव के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग की गई।

इस दौरान चुनाव में भाग ले रहे प्रत्याशियों तथा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को ईवीएम मशीनों के संचालन और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। तकनीकी कर्मचारियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक पहलुओं से अवगत कराया।

रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और सभी उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों को मशीनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि कमीशनिंग के बाद सभी ईवीएम मशीनों को डबल लॉक व्यवस्था के तहत स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। मतदान से पूर्व इन मशीनों को संबंधित पोलिंग पार्टियों को सौंपा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर