home page

नाहन के  वार्ड नंबर 5 में पानी की किल्लत पर भड़के लोग, पार्षद के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

 | 
नाहन के  वार्ड नंबर 5 में पानी की किल्लत पर भड़के लोग, पार्षद के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन


नाहन, 15 जून (हि.स.)। नाहन के वार्ड नंबर 5 अमरपुर में पिछले एक महीने से जारी पेयजल संकट को लेकर सोमवार को स्थानीय पार्षद सीमा अत्री के नेतृत्व में वार्ड के एक सम्मानित प्रतिनिधिमंडल ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। वार्ड वासियों का आरोप है कि पिछले काफी समय से क्षेत्र में मात्र 10 से 15 मिनट ही पानी की सप्लाई दी जा रही है, जिसके कारण भीषण गर्मी के इस मौसम में स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाल पाया है।

पार्षद सीमा अत्री ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्याप्त और स्वच्छ पानी मिलना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की कोई कमी नहीं है, बल्कि विभाग की लचर वितरण व्यवस्था के कारण लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन लेने के बाद अधिशासी अभियंता ने वार्ड वासियों को आश्वस्त किया कि वितरण प्रणाली को दुरुस्त कर पानी की इस किल्लत को तुरंत दूर किया जाएगा और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा नहीं आएगी। दूसरी ओरपार्षद और वार्ड के लोगों ने विभाग को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की सप्लाई में सुधार नहीं हुआ, तो वार्ड नंबर 5 के लोग सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर