home page

नाहन की धागेड़ा पंचायत में नवनिर्वाचित प्रधान समेत कई परिवार कांग्रेस में शामिल

 | 
नाहन की धागेड़ा पंचायत में नवनिर्वाचित प्रधान समेत कई परिवार कांग्रेस में शामिल


नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धागेड़ा में कांग्रेस पार्टी को उस समय नई मजबूती मिली, जब पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान नरेंद्र कुमार, उपप्रधान रघुवीर सिंह और कई वार्ड सदस्यों ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पंचायत के वार्ड सदस्य रणदीप सिंह, प्रमोद कुमार, धनिजा देवी, मीना देवी और बिना देवी के साथ ग्रामवासी सुरेश कुमार, सतपाल सिंह तथा दर्जनों परिवार भी कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम विधायक अजय सोलंकी की मौजूदगी में आयोजित किया गया। पार्टी में शामिल हुए लोगों ने विधायक अजय सोलंकी की कार्यशैली, क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और जनसेवा के प्रति उनके प्रयासों पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस का दामन थामा।

इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोगों का लगातार मिल रहा समर्थन उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और हर परिवार के विकास के लिए लगातार काम किया जाएगा।

अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनके अनुसार अलग-अलग पंचायतों से लोग विकास और जनसेवा की सोच के साथ कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोगों के विश्वास का संकेत है और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पार्टी पूरी गंभीरता से काम करती रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले प्रत्येक नए साथी का सम्मान किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े उनके सुझावों और भावनाओं को भी महत्व दिया जाएगा। विधायक ने विश्वास जताया कि लोगों के सहयोग से नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर