home page

नगर परिषद पांवटा साहिब में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव दूसरी बार टला, कोरम पूरा न होने से बैठक फिर स्थगित

 | 

नाहन, 04 जुलाई (हि.स.)। नगर परिषद पांवटा साहिब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव एक बार फिर टल गए। शनिवार को आयोजित बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव प्रक्रिया संपन्न नहीं हो सकी और बैठक को दूसरी बार स्थगित करना पड़ा।

एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि बैठक में कुल 8 पार्षद उपस्थित हुए, लेकिन आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं कराया जा सका। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए जल्द ही नई तिथि निर्धारित की जाएगी।एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि विधायक का मतदान करना पूरी तरह मान्य है और चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार ही कराई जाएगी।

बैठक में मौजूद पार्षद इंद्रजीत सिंह मीका ने कहा कि दूसरी बार चुनाव टलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर विपक्ष के भीतर ऐसी कौन-सी खींचतान चल रही है, जिसके कारण चुनाव बार-बार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बैठक में सभी पार्षद मौजूद रहेंगे और नगर परिषद को नया अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर